मंसूरपुर। गांव नावला में सात नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफ के घर में घुसकर बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर दंपति को बंधक बनाया। इसके बाद बदमाश हजारों की नगदी समेत लाखों के सोने और चांदी के जेवर लूट कर ले गए। बुधवार की सुबह सूचना मिलने पर सीओ डीके मित्तल पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। सीओ ने दंपति से पूछताछ की। डॉग स्कवायड टीम ने घटनास्थल की जांच की। पीड़ित सर्राफ ने थाने में लूट की तहरीर दी।
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव नावला निवासी अश्वनी वर्मा पुत्र चंद्रपाल वर्मा की गांव में ही सर्राफ की दुकान है। दुकान के ऊपर मकान बना है। ऊपर मकान के अंदर से भी दुकान में रास्ता जाता है। बुधवार की सुबह करीब चार बजे सात नकाबपोश बदमाश सीढ़ी लगाकर सर्राफ के मकान में घुसे। उस वक्त एक कमरे में अश्वनी वर्मा अपनी पत्नी पूजा और दो बच्चों के साथ सोया था। दूसरे कमरे में अश्वनी वर्मा का पिता चंद्रपाल वर्मा सो रहा था। बदमाश अश्वनी वर्मा के कमरे घुसे।
बदमाशों ने कमरे में घुसते ही बच्चों को गन प्वाइंट लेकर अश्वनी वर्मा उसकी पत्नी पूजा को बंधक बनाया। बदमाशों ने बच्चों को गोली मारने की धमकी तो अश्वनी वर्मा ने सेफ की चाबियां निकाल कर दे दी। बदमाशों ने सेफ से तीस हजार रुपये की नगदी और मकान के अंदर से जीने के रास्ते दुकान में उतर कर उसमें से करीब आठ तौला सोने और एक किलो चांदी के जेवर लूट लिए।
बदमाशों ने एक घंटे तक बड़े आराम के साथ दुकान और मकान को खंगाला। इस दौरान अश्वनी वर्मा के पिता की आंख तक नहीं खुल सकी। लूट के बाद बदमाश दंपति को शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर सीढ़ी से उतर कर भाग गए। बदमाश भागते समय सीढ़ी को मकान से ही लगी छोड़ गए। बदमाशों के जाने के आधा घंटे बाद दंपति ने शोर मचाया।
शोर की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। डकैती की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सीओ डीके मित्तल पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। सीओ ने दंपति से घटना के बारे में पूछताछ की। इसके बाद सीओ ने डॉग स्कवायड टीम को बुलवा कर घटनास्थल की जांच पड़ताल कराई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर चरण सिंह यादव का कहना है घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।