पुलिस कप्तान से न्याय की गुहार लगाई
मुजफ्फरनगर। शाहपुर के गांव काकड़ा में दबंगों ने अकारण गालीगलौज का विरोध करने पर मां-बेटी से मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, लेकिन पूर्व प्रधान के कहने पर छोड़ दिया। अब पीड़िता ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शाहपुर क्षेत्र के गांव काकड़ा निवासी सुमन पत्नी ऋषिपाल ने पुलिस ऑफिस में शिकायती पत्र देकर बताया कि उसके परिवार के ही कुछ लोग उसके व बेटी प्रियंका के साथ अकारण ही गालीगलौज करते हैं। आरोप है कि 15 जून को भी आरोपियों ने प्रियंका के साथ गालीगलौज की। शोर मचाने पर जब मां सुमन बेटी को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी बदसलूकी करते हुए दोनों मां-बेटी के साथ मारपीट की। पीड़िता ने आरोपियों से जान-माल का खतरा जताते हुए एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सुजड़ू चुंगी पर दो पक्षों में मारपीट
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सुजड़ू चुंगी स्थित एक होटल के पास बृहस्पतिवार की दोपहर दो पक्ष मामूली कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने से मौके पर हंगामा खड़ा हो गया। इसी दौरान किसी राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से रफूचक्कर हो चुके थे।