मुजफ्फरनगर। गांव गढ़ी सरवट में कबूतर उड़ाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव होने से दोनों पक्षों के दो लोग लहूलुहान हो गए। पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव गढ़ी सरवट निवासी वकीलूद्दीन का बृहस्पतिवार सुबह मोहल्ले के ही जान मौहम्मद के साथ अपनी छत से कबूतर उड़ाने को लेकर विवाद हो गया। उस समय लोगों ने दोनों को शांत कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष होने के साथ ही पथराव भी हुआ, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने संघर्ष में घायल हुए वकीलूद्दीन व जान मौहम्मद के साथ ही दोनों पक्षों से आजम व नौशाद को भी हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों घायलों का मेडिकल कराते हुए चारों आरोपियों का पुलिस ने अपनी तरफ से शांतिभंग की आशंका के तहत चालान कर दिया।