छात्र पर धारदार हथियार से हमला
मुजफ्फरनगर। मोरना निवासी आशु शहर के भोपा रोड स्थित एसडी डिग्री कॉलेज में बीए का छात्र है। बुधवार दोपहर कॉलेज की छुट्टी होने के बाद वह घर लौटने के लिए भोपा बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और मारपीट करने लगे। इसी दौरान किसी ने आशु के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। इसके बाद घायल छात्र को साथी लेकर नई मंडी थाने पहुंचे और मखियाली निवासी छात्रों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस के अनुसार दो दिन पूर्व भी मोरना व मखियाली के छात्रों के बीच टशनबाजी को लेकर मारपीट हुई थी। इसी विवाद में आज छात्र पर हमला किया गया है। घायल का मेडिकल कराते हुए हमलावरों की तलाश की जा रही है।
महिला के बैंक खाते से 29 हजार उड़ाए
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अंकित विहार निवासी रेखा माहेश्वरी ने तहरीर देकर बताया कि उसका एसबीआई पचैंडा रोड में खाता है। पीड़िता के अनुसार मंगलवार को उसके मोबाइल पर एक युवक ने फोन कर खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए एटीएम का पिन, ओटीपी व अन्य जरूरी पासवर्ड पूछे थे। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद ही उसके बैंक खाते से 29 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।