मुजफ्फरनगर। गांव जटनंगला निवासी किशोरी का घर के बाहर से ही अपहरण कर लिया गया। पीड़ित परिजनों ने महिला समेत चार लोगों पर अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। परिजनों ने किशोरी के साथ अनहोनी की भी आशंका जताई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव जटनंगला निवासी ग्रामीण ने तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी मंगलवार तड़के करीब चार बजे घर के बाहर सफाई कर रही थी। आरोप है कि गांव के ही महिला समेत चार लोग वहां पहुंचे और उसको अगवा कर ले गए। काफी देर बाद भी जब किशोरी अंदर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश की गई, जिस पर उसका अपहरण कर लिए जाने की जानकारी मिली। पीड़ित परिजनों ने आरोपियों पर किशोरी के साथ कोई गंभीर घटना कर अनहोनी की आशंका जताते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
घर में घुसकर युवक से मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अबूपुरा निवासी आशीष गोयल ने तहरीर देकर बताया कि मोहल्ले के ही सोनू, कोक्की व बिजेंद्र गुप्ता उसके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौच कर दी। विरोध करने पर आशीष के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।