विधायक के भाई प्रकरण में दो सिपाही निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
खतौली (मुजफ्फरनगर)। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने सरधना के भाजपा विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम के छोटे भाई की कोतवाली में पिटाई और हवालात में बंद करने के मामले में जांच पड़ताल के बाद दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने इस प्रकरण में तत्कालीन इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज को लाइन हाजिर कर दिया था। इस प्रकरण की गूंज लखनऊ तक पहुंची थी। इसके बाद शासन ने दो दिन बाद ही इंस्पेक्टर का स्थानांतरण गोरखपुर जोन में कर दिया था।
बता दें कि घटनाक्रम 20 सितंबर शाम का था। ढाकन चौक पर दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों को पकड़ लिया था। एक पक्ष की ओर से विधायक ठाकुर संगीत सिंह सोम का भाई गगन सोम कोतवाली में जानकारी लेने पहुंचे थे। कोतवाली में पुलिस ने गगन सोम के साथ मारपीट कर दी थी और उसको हवालात में बंद कर दिया था। बाद में पता चलने पर तत्कालीन इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने हवालात से गगन सोम को बाहर निकाला था। इस घटना का पता चलने पर विधायक के दूसरे भाई सागर सोम अपने साथ सोम बंधुओं को साथ लेकर कोतवाली में पहुंचे थे। कोतवाली में सागर सोम ने हंगामा खड़ा कर दिया था। इस दौरान सागर सोम की इंस्पेक्टर से काफी नोकझोंक हुई थी। विधायक को पता चलने पर उन्होंने एसएसपी सुधीर कुमार सिंह को अवगत कराते हुए पुलिस पर कार्रवाई करने को कहा था। मामला विधायक के भाई से जुड़ा होने पर एसएसपी ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया। एसएसपी ने कोतवाली में सीओ डा. राजीव कुमार सिंह से इस प्रकरण के बारे में पूछताछ की थी। एसएसपी ने उसी दिन देर रात को इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया था और जांच बैठा दी थी। सीओ को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी थी। विधायक ने इस घटना के बारे में हाईकमान को भी अवगत कराया था, जिसको लेकर शासन ने दो दिन बाद ही इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज का तबादला गोरखपुर जोन में कर दिया था। अब एसएसपी ने बुुधवार को इस प्रकरण में दो सिपाही प्रमोद कुमार शर्मा और सोहनवीर सिंह यादव को निलंबित कर दिया है। सीओ डा. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एसएसपी ने सिपाही प्रमोद कुमार शर्मा व सोहनवीर सिंह यादव को निलंबित कर दिया है।