मुजफ्फरनगर में शनिवार को 144 लोग संक्रमित मिले हैं। जिसमें 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं। सहारनपुर में 93 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक महाविद्यालय की प्रोफेसर और मेडिकल कॉलेज के दो चिकित्सक भी शामिल हैं। बागपत में भाजपा जिलाध्यक्ष, उनका ड्राइवर और भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री सहित 47 लोग संक्रमित मिले हैं। शामली में 11 और बिजनौर में दो स्वास्थ्यकर्मी, एक पांच साल के बच्चे सहित आठ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
12 पुलिसकर्मियों सहित 144 संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर में कोरोना संक्रमण का दायरा रोज बढ़ रहा है। प्रशासन के बाद अब पुलिसकर्मियों तक भी संक्रमण पहुंच गया है। एक इंस्पेक्टर और 11 सिपाहियों सहित 144 संक्रमित मिले हैं। इनमें पांच साल से कम उम्र का एक बच्चा भी शामिल है।
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे तक संक्रमण की जो रिपोर्ट मिली है, उसमें 144 लोगों को संक्रमण की पुष्टि हुई है। डायल-112 के एक इंस्पेक्टर सहित पुलिसकर्मी संक्रमित मिले है। इनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग का कार्य कराया जा रहा है। सभी संक्रमित होम आइसोलेट कर दिए गए हैं।
जिले में अब सक्रिय केस की संख्या 273 पर पहुंच गई है। शहर की विभिन्न कॉलोनियों और चौराहों पर पहुंचकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना जांच की। लोगों को एहतियात बरतने और बेवजह घर से नहीं निकलने के लिए जागरूक किया जा रहा है। सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जावेद हबीब की माफी को बताया ड्रामा: ब्यूटीशियन पूजा बोली- सजा दिलाकर ही लूंगी दम, पश्चिमी यूपी में बढ़ रहा आक्रोश