सिखेड़ा। पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव निराना के निकट तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार आठ साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बहन घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानसठ थाना क्षेत्र के गांव भलेड़ी निवासी ललित सैनी सोमवार सुबह पत्नी कोमल, बेटी सोनिया और आठ साल के बेटे रौनक के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर आया था। शाम करीब चार बजे मुजफ्फरनगर से वापस आ रहे थे। जब वह पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर गांव निराना के निकट पहुंचा, सामने से आते तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार पूरा परिवार गिर गया। रौनक डीसीएम के पहिये के नीचे आकर कुचला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य परिजन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजते हुए बच्चे के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।