उत्तराखंड बार्डर पर धरना देते भाकियू तोमर के लोग
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाकियू तोमर के लोगों को उत्तराखंड बॉर्डर पर रोका
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। किसानों की मांगों को लेकर उत्तराखंड जा रहे भाकियू तोमर के नेताओं को उत्तराखंड पुलिस ने बार्डर पर ही रोक दिया। भाकियू तोमर के कार्यकर्ताओं ने हाइवे पर जमकर नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। बाद में अधिकारियों को ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया गया।
उत्तराखंड की इकबालपुर शुगर मिल द्वारा तीन वर्षों का गन्ना भुगतान ब्याज सहित करने व कोरोना काल का किसानों का बिजली बिल व उनके बच्चों की स्कूल फीस माफ करने आदि मांगों को लेकर भाकियू तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे कार्यकर्ताओं के साथ उत्तराखंड जा रहे थे। उन्हें उत्तराखंड पुलिस ने बार्डर पर ही रोक लिया। गुस्साए भाकियू तोमर के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए हाइवे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। उत्तराखंड पुलिस ने पुरकाजी थाने की भूराहेड़ी पुलिस चेक पोस्ट पर वाहनों को वापस लौटा दिया। वाहन चालकों द्वारा अपने वाहनों को गंग नहर पटरी से उत्तराखंड की ओर ले जाया गया। करीब पांच बजे धरना स्थल पर पहुंचे अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन देकर धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी , बशारत खान, जावेद बाबर फरीदी, शमशाद अहमद, सोनू खान, नफीस फरीदी, अरीब खान, शादाब फरीदी , रईस फरीदी, अमजद खान, जॉनी फरीदी, अहमद खान, शेरखान आदि लोग मौजूद रहे।
उत्तराखंड बार्डर पर अधिकारियों को ज्ञापन देते भाकियू तोमर के लोग- फोटो : MUZAFFARNAGAR