देवबंद में स्टेट हाइवे पर अनियंत्रित होकर पलटी वॉल्वो एसी स्लीपर डबल डेकर बस
- फोटो : DEVBAND
देवबंद (सहारनपुर)। बदायूं से पंजाब जा रही एसी स्लीपर डबल डेकर बस बुधवार की देर रात्रि हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
एसी स्लीपर बस बदायूं से पंजाब जा रही थी। बस मजदूरों से खचाखच भरी थी। इतना ही नहीं बस की छत पर भी लोग बैठे थे। रात्रि करीब 1.45 बजे बस जैसे ही देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे-59 स्थित साखन खुर्द के समीप ढाबे पर पहुंची तो वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बारिश में गीली हुई कच्ची मिट्टी में धंसकर पलट गई। हादसा होते ही यात्रियों में चीख पुकार व अफरा-तफरा मच गई। सूचना मिलते ही सीओ रजनीश उपाध्याय और कोतवाल योगेश शर्मा पुलिस बल से साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने रात्रि में ही क्रेन व जेसीबी मंगाकर बस में फंसे घायल यात्रियों को लोगों की मदद से बाहर निकलवाया। जिन्हें बाद में एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। वहां गंभीर रूप से घायल पूजा (25) पत्नी सुरजीत निवासी गढ़ी मुरादाबाद और सोनम (12) पुत्री चंद्रपाल निवासी ढक्का रोड मुरादाबाद की मौत हो गई, जबकि रोहणी पुत्री चंद्रपाल और भुवनेश सहित करीब 12 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सीओ रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हादसे के बाद बस का चालक व परिचालक फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि बस में सवार मजदूर पंजाब की किसी फैक्टरी में काम करते हैं। वह बदायूं से पंजाब जा रहे थे। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण चालक को झपकी आना हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बस थोड़ा आगे पलटती तो हो सकता था बड़ा हादसा
देवबंद। देवबंद में हाईवे पर साखन खुर्द के समीप हुए बस हादसे के बाद बृहस्पतिवार की सुबह 7 बजे तक बचाव कार्य चलता रहा। पुलिस ने रात्रि में ही क्रेन व जेसीबी मंगाकर ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाना शुरू कर दिया था। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो यदि बस थोड़ा और आगे चलकर पलटती तो बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि उससे आगे गहरी खाई थी। हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई वह बस से नीचे दबे हुए थे।
देवबंद में बस हादसे के बाद बचाव कार्य में जुटी पुलिस- फोटो : DEVBAND