मुजफ्फरनगर। ईडी के अधिकारी की पत्नी को ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा होना बताकर 65 लाख ठगी के मामले में साइबर थाना पुलिस ने हरियाणा के जनपद हिसार के हांसी निवासी नसीबदीन को पकड़ा है। एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। ई-रिक्शा चलाने वाले 9वीं पास आरोपी के खाते से दस करोड़ 82 लाख रुपये का लेनदेन का ट्रांजेक्शन मिला है।
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि साइबर थाना पुलिस प्रभारी सुल्तान सिंह व गौरव चौहान की टीम ने हरियाणा के जनपद हिसार के गांव हांसी निवासी नसीबदीन को गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि कोरोना काल से पहले वह हांसी में दुकान चलाता था। कोरोना काल में दुकान बंद करनी पड़ी।
इसी दौरान जीवन नाम के एक व्यक्ति से उसकी मुलाकात हुई। उसने उसके बैंक खाते की डिटेल मांगी। यह भी कहा कि यदि वह बैंक की पासबुक, चेक बुक, एटीएम उसे दे तो वह उसे डेढ़ लाख रुपये देगा। इसके अलावा भी रुपये दिया करेगा।
उसने सभी दस्तावेज उस व्यक्ति को सौंप दिए। उसे एडवांस में पचास हजार रुपये दिए गए। एक लाख रुपये बाद में देने को कहा गया।
कई माह बाद उस व्यक्ति ने सभी कागजात वापस कर दिए। पैसा बाद में देने को कहा गया। दुकान तो बंद हो गई थी । परिवार का खर्च वहन करने के लिए उसने ई-रिक्शा चलाना शुरू कर दिया। उसके खाते में ईडी के अधिकारी की पत्नी केे खाते से 15 लाख रुपये जमा हुए थे। 65 लाख रुपये चार खातों में जमा हुए थे। आरोपी युवक मोबाइल नंबर बदलता रहता था। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया।
।