जिले की 75 महिलाओं को किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति के तीसरे चरण के शुभारंभ कार्यक्रम में जिले की 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। ये सभी वे महिलाएं हैं, जो समाज में नारी शक्ति को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही हैं।
कलक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत की चौधरी चरणसिंह सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जनपद की 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, डीएम चंद्र भूषण सिंह, एसएसपी अभिषेक यादव, सीडीओ आलोक यादव, चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र दिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी मुशफेकीन ने बताया कि मिशन शक्ति का फेज तीन 21 अगस्त से 31 दिसंबर तक चलेगा।
जनपद के समस्त विकास खंडों, पंचायतों, शहरी निकायों एवं पुलिस थानों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता प्रदान किए जाने की कार्ययोजनाएं संचालित की जाएगी। सभी संबंधित विभागों द्वारा कार्ययोजना बनाकर मिशन शक्ति अभियान का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत लैंगिक आधारित संवेदीकरण, ध्वनि संदेश, साक्षात्कार, प्रशिक्षण, विभिन्न पर्वों के कार्यक्रम, थानों पर कार्यक्रम तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता उत्पन्न किये जाने संबंधी कार्यक्रम संपन्न किए जाएंगे। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने की प्रक्रिया को बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में सुषमा पुंडीर, जिला महामंत्री भाजपा, रेणू गर्ग, साधना सिंघल जिला मंत्री भाजपा, कविता सैनी अध्यक्ष महिला मोर्चा भाजपा उपस्थित रहे। संचालन जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मौहम्मद मुशफेकीन, डॉ. राजीव कुमार सदस्य बाल कल्याण समिति एवं मीरा शर्मा सहायक अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय नसीरपुर ने किया।
इन महिलाओं को किया गया सम्मानित
मिशन शक्ति पुरस्कार पाने वाली महिलाओं ब्लाक प्रमुख पुरकाजी मालती रानी, ब्लाक प्रमुख खतौली संजो देवी, सीमा शर्मा उप निरीक्षक, कविता रानी आरक्षी, सीमा जैदी ग्राम प्रधान बिहारी, प्रीती चौधरी ग्राम प्रधान हैदरनगर, मंजू चौधरी ग्राम पंचायत बेहड़ा सादात, प्रतिभा संजीवनी स्वयं सहायता समूह सैदपुर खुर्द, रश्मि दुर्गा स्वयं सहायता समूह ज्ञाना माजरा, डॉ दिव्या. एसीएमओ, डॉ अलका सिंह जिला मलेरिया अधिकारी, कमलेश आशा, कविता गुप्ता प्रधानाचार्य देवी मंदिर कन्या इंटर खतौली, सफिया बेऔगम प्रधानाचार्या नवाब अजमत अली खां गर्ल्स, उषा रानी प्राथमिक विद्यालय जयभगवानपुर,रीना सिंह सहायक अध्यापिका भैंसी, आरती शर्मा प्रधानाध्यापिका रूस्तमगढ, डॉ निशा गुप्ता एसोसिएट प्रोफेसर जेकेपी पीजी कालेज, डॉ रीना कुंद कुंद जैन डिग्री, डॉ वर्चसा सैनी असिस्टेंट प्रोफेसर जेकेपी पीजी कालेज, नेहा तोमर अंतर्राष्ट्रीय शूटर, ज्योति बालियान आर्चरी खिलाडी, दिव्या काकरान रेसलिंग खिलाडी, प्रियंका पंवार एथलेटिक्स, विजय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्राम मेहलकी, अल्का आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्राम मखियाली, नीना त्यागी संरक्षण अधिकारी, बीना शर्मा अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, पूनम शर्मा निदेशक चाइल्ड लाइन, शिवांगी महिला कल्याण अधिकारी इत्यादि सम्मिलित रही।
प्रशस्ति पत्र लेने के लिए होड़ मची
मिशन शक्ति पुरस्कार के दौरान महिलाओं में डीएम से प्रशस्ति पत्र लेने की होड रही। महिलाओं ने प्रशस्ति पत्र लेते हुए डीएम सीबी सिंह के साथ फोटो खिंचाए।
जिला पंचायत सभागार में मिशन शक्ति के कार्यक्रम में पालिका चेयरपर्सन को सम्मानित करते डीएम।- फोटो : MUZAFFARNAGAR