फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में 731 पात्रों का चयन

विज्ञापन
विज्ञापन
पीएम आवास योजना में 731 पात्रों का चयन
विज्ञापन

मुजफ्फरनगर। जिले में 731 जरूरतमंदों के घर पीएम आवास योजना (ग्रामीण) में बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाभार्थियों को ऑनलाइन प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये उनके खातों में हस्तांतरित किए। एनआईसी में हुए कार्यक्रम में विधायक उमेश मलिक ने 18 पात्रों को पीएम आवास योजना के स्वीकृत पत्र सौंपे।
बुधवार को कलक्ट्रेट में स्थित एनआईसी में पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ऑनलाइन धनराशि लाभार्थियों के खातों में सीधे हस्तांतरित किए गए। इस मौके पर पीएम मोदी के संबोधन को देखा गया। इस दौरान पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के तहत जनपद में भी 731 लाभार्थियों के खातों में दो करोड़ 92 लाख की धनराशि हस्तांतरित की गई। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीडीओ आलोक यादव मौजूद रहे। विधायक और डीएम ने 18 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र सौंपे। विधायक उमेश मलिक ने कहा कि वर्ष 2022 तक सबके लिए आवास उपलब्ध कराने के लिए पीएम द्वारा यह योजना लागू की गई है। अब योजनाएं मूर्त रूप में धरातल पर आई है। परियोजना निदेशक जय सिंह यादव ने बताया कि जिले में योजना के तहत 972 पात्रों के मकान बनवाने का लक्ष्य रखा गया है।
विज्ञापन

चरथावल में तीन के खाते भेजी गई किस्त
चरथावल। एडीओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि चरथावल ब्लॉक के लाभार्थी रोनी हरजीपुर निवासी रुकसाना, शब्बो और बहेड़ी की रिजवाना के खाते में पहली किस्त आई है। हालांकि रुकसाना के पति ताज मोहम्मद ने इस जानकारी से अनभिज्ञता जताई। उनके पास मकान नहीं है, छप्पर डालकर उसमें परिवार सहित रहते हैं। ब्लॉक में 149 मकान बनने का लक्ष्य है, जिसमें 110 के पंजीकरण की कार्रवाई पूरी हो गई है। एक मकान के निर्माण के लिए पात्रों को 1.40 लाख रुपये दिए जाने हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी का हाल
मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी क्षेत्र में गरीबों को बनने वाले आवास की पहली किस्त के बाद हजारों पात्र लाभार्थियों को दूसरी और तीसरी किस्त नहीं मिली है। महंगाई बढ़ रही है। मकान अधूरे पड़े हैं और बजट बढ़ रहा है। शहर के लद्दावाला निवासी मासूम की पहली किस्त 50 हजार रुपये आने के बाद नींव और बीम डलवाकर दीवारें बनाने के लिए स्ट्रक्चर खड़ा किया था। एक साल बाद भी बाकी किस्त नहीं आई। कड़ाके की ठंड में छत नहीं होने पर पन्नी आदि डालकर परिवार को बचाने की जुगत कर रहे हैं।
लद्दावाला निवासी महफूज का कहना है कि पीएम आवास योजना के 2.50 लाख रुपये तीन किस्तों में आने थे। जांच पड़ताल के बाद पहली किस्त आए 16 महीने बीत गए, लेकिन बाकी रकम नहीं आने से निर्माण अधूरा पड़ा है। चरथावल की महिला प्रियंका को दो साल पहले मकान स्वीकृत हुआ और एक किस्त 50 हजार की आई। बाकी किस्त नहीं आई। बताती हैं कि यदि उन्हें मालूम होता, तो वह अपना पुराना मकान नहीं तुड़वाती और बच्चों के साथ पहले की तरह जर्जर मकान में समय गुजार लेती।
विज्ञापन

14481 लोगों को किस्त का इंतजार
मुजफ्फरनगर। पीएम आवास योजना शहरी में जिले की दस निकायों में 14481 पात्रों का चयन हुआ था। सभी को मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये मिलना था। मगर हजारों लोग ऐसे है, जिन्हें पहली की बाद दूसरी और तीसरी किस्त नहीं मिली है। पहली किस्त में 50 हजार, दूसरे में डेढ़ लाख और तीसरी किस्त में 50 हजार रुपये मिलने हैं।
दस निकायों के पात्र लाभार्थी- 14481
पहली किस्त मिली- 11406
दूसरी किस्त मिली- 10000
तीसरी किस्त मिली--6156
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें