सड़क हादसे में घायल मजदूर की मौत
पुरकाजी। पुरकाजी बाईपास पर सड़क हादसे में घायल हुए मजदूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार सुबह गांव हरेंटी निवासी 45 वर्षीय सुधीर, उसका भाई 27 वर्षीय सोनू और गांव का ही 25 वर्षीय मन्नू साइकिल से थाना छपार के गांव ताजपुर में भट्ठे पर काम करने जा रहे थे। रास्ते में पुरकाजी बाईपास पर पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी, जिसमें तीनों घायल हो गए थे। चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था। गंभीर घायल सुधीर और सोनू को जिला अस्पताल से मेरठ रेफर कर दिया गया था। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन रात्रि में सुधीर को लेकर देहरादून जा रहे थे, लेकिन उसकी रास्ते में मौत हो गई। मंगलवार सुबह मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई सोनित की तहरीर पर अज्ञात में वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कौन करेगा पत्नी व बच्चों का भरण-पोषण
पुरकाजी। मृतक सुधीर की पत्नी रीना दिव्यांग है। वह खुद कहीं आ-जा नहीं सकती। उसकी 13 वर्ष की पुत्री राखी व सात वर्ष का बेटा वंश है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के पास जमीन तक नहीं है। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी मौत के बाद अब परिवार का पालन-पोषण करने वाला कोई नहीं बचा।