मझोला थाना क्षेत्र में खेत में चने का साग लेने गई एक युवती के साथ युवक ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है।
पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती ने मझोला थाना पुलिस दी तहरीर में बताया कि वह पांच माह से मझोला थाना क्षेत्र के गांव में अपनी रिश्तेदारी में रह रही है। 25 दिसंबर की शाम वह दिल्ली रोड स्थित गुलाब रिसार्ट के पीछे खेत में चने का साग तोड़ने गई थी। इसी दौरान पाकबड़ा के लोधीपुर निवासी सुनील उर्फ गोलू आ गया। आते ही आरोपी ने युवती के साथ छेड़खानी की और उसके कपड़े फाड़ दिए। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी सुनील ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की भी कोशिश की। किसी तरह युवती अपनी जान बचाकर वहां से भागी और शोर मचा दिया। इसी बीच आस पड़ोस के खेतों में काम कर रहे लोग आ गए। इसके बाद आरोपी युवती को जान से मारने की भी धमकी देकर भाग गया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।