पंचायत भवन सभागार में प्रबुद्ध सम्मेलन में शिक्षक को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन में मुख्य वक्ता केंद्रीय लघु, मध्यम, सूक्ष्म उद्यम राज्य मंत्री भानू प्रताप सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा जिन मुद्दों पर चुनाव लड़ती है उन्हें पूरा करती है। यही वजह है कि देश की जनता ने दूसरी बार केंद्र में भाजपा को मौका दिया। यूपी में भी भाजपा सरकार ने जनहित के कई काम किए हैं। विकास और अपने काम के नाम पर यूपी की जनता भी दोबारा मौका देगी।
पंचायत भवन में आयोजित सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार को हर बात पर कोसने वाली विपक्षी पर्टियां धारा 370 और राम मंदिर निर्माण जैसे मुद्दों पर काम करना तो दूर अपने मुंह से नाम तक नहीं लेते थे। लेकिन भाजपा सरकार ने अपनी सूझबूझ से इन दोनों ही विवादित मुद्दों को समाप्त कराया। प्रधानमंत्री ने जमीनी स्तर की हकीकत समझते हुए उज्ज्वला योजना और स्वच्छ भारत मिशन अभियान चलाया। धर्म जाति देेखे बिना हर वर्ग को आवास, शौचालय, राशन आदि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
यूपी सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। इतना बड़ा प्रदेश होते हुए भी कोराना पर प्रभावी अकुंश लगाया गया। इनी कार्यों के नाम पर प्रदेश की जनता फिर से भाजपा को मौका देने का मन बना चुकी है। अब कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर विधान सभा चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए।
प्रदेश के पंचायती राज मंत्री चौ.भूपेंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी के साथ सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। विकास कार्य कराए जा रहे हैं और प्रदेश नई ऊंचाईयों को छू रहा है। सम्मेलन की अध्यक्षा डॉ. मितिन बग्गा ने की। स्वागत भाषण प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के संयोजक देवराज सिंह चौहान और संचालन डॉ. सतीश चौहान ने किया।