मुरादाबाद। सड़क सुरक्षा सप्ताह में ट्रिपल राइडिंग जारी है। सोमवार सुबह फिर एक बाइक पर सवार सवार तीन युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वाले दोनों युवक आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाला आकाश (22) मूंढापांडे थानाक्षेत्र के बूजपुर मान गांव निवासी था, जबकि दूसरा मृतक राजपाल (32) रूद्रपुर की फुलसुंगा कॉलोनी के रहना वाला था। बताया जा रहा है कि आकाश, उसके फुफेरे भाई राजपाल व विनय पाल सोमवार सुबह करीब चार बजे बाइक से मुरादाबाद अपने दोस्त से मिलने जा रहे थे।
मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जीरो प्वाइंट के पास इनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने तीनों को घायल अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने आकाश और राजपाल को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि विनय की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर लिया गया है।
सूचना के बाद आकाश व राजपाल केे परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि आकाश मुरादाबाद में प्रभात मार्केट के पास पीतल फैक्टरी में नौकरी करता था, जबकि राजपाल रूद्रपुर में ही सिटीजन एक्सपर्ट फर्म की गाड़ी चलाता था। राजपाल और विनय यहां अपने मामा के घर बूजपुर मान गांव में आए थे। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।