मुरादाबाद में बसों की सीट पाने की मची मारामारी
- फोटो : अमर उजाला
तिगरी मेला जाने के लिए सुबह से ही मुरादाबाद बस अड्डे पर श्रद्धालुओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बस अड्डे पर कई घंटे बस का इंतजार करने के बाद यात्रियों को बसें मिलीं। कुछ यात्री बस नहीं मिलने पर लौट गए। बसों की कमी के कारण रोडवेज के अधिकारियों के दावे फेल होते नजर आए। तिगरी मेला जाने के लिए श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज अधिकारियों ने बसें उपलब्ध कराने के दावे किए थे।
मुरादाबाद बस अड्डे पर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
लेकिन आवश्यकता के अनुरूप बसें उपलब्ध नहीं हो पाईं और मुरादाबाद बस अड्डे पर दिन भर भीड़ लगी रही। श्रद्धालु बस के लिए इधर-उधर भटकते रहे। वहीं कुछ श्रद्धालु डग्गामार बसों से जाने के लिए मजबूर हुए। बस अड्डे पर श्रद्धालुओं ने बसों का चार से पांच घंटे इंतजार किया। बसों की कमी के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालकों और परिचालकों ने बताया कि शनिवार रात को कई ट्रेनें निरस्त हो जाने से बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई थी। जिस वजह से रात में ही 10 बसों को सहारनपुर रवाना करना पड़ा।
मुरादाबाद बस अड्डे पर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
यहां के यात्री भी हुए परेशान
गजरौला, गढ़मुक्तेश्वर में जाम के चलते दिल्ली, गढ़ और मेरठ जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। सभी बसें निर्धारित समय से तीन से चार घंटे लेट थीं। जिसके कारण बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। बस अड्डे पर पहुंचते ही बसें भर जाती थीं। बसों की कमी के कारण यात्रियों खड़े होकर जाना पड़ा।
मुरादाबाद बस अड्डे पर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
वर्कशॉप में रोडवेज की 25 बसें खड़ी
रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि परिचालकों की कमी होने के कारण 25 बसें पीतल नगरी बस डिपो स्थित वर्कशॉप में खड़ी हैं। जिस वजह से तिगरी मेले के लिए रोडवेज बसें कम पड़ गईं। परिचालक बीमार होने या अन्य अवकाश लेने के कारण छुट्टी पर चल रहे हैं। जिसके कारण बसों का संचालन नहीं हो पाया और तिगरी मेले में जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुरादाबाद बस अड्डे पर लगी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा की बसें मुरादाबाद के लिए 28 तक रहेंगी बंद
हरियाणा से मुरादाबाद आने वाली बसें 28 नवंबर तक बंद रहेंगी। रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर में डायवर्जन के कारण मुरादाबाद के लिए हरियाणा की बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। अब 29 नवंबर से हरियाणा से मुरादाबाद तक बसें चलने की संभावना है। हरियाणा और सोनीपत की बसें मुरादाबाद रविवार को भी नहीं आईं।
यात्रियों ने कहा
गढ़ जाने के लिए सुबह 10 बजे से बस का इंतजार कर रहा हूं, दो बज गए, लेकिन अभी तक बस नहीं आई। अधिकारियों से पूछे जाने पर सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।-प्रिया पांडे, यात्री
तीन घंटे से तिगरी मेले में जाने के लिए बस का इंतजार कर रही हूं, लेकिन बस अड्डे पर बस नहीं आ रही है। रोडवेज कर्मचारियों ने बताया कि जाम की वजह से सभी बसें लेट हैं।-सुमन, यात्री
दिल्ली जाने के लिए बस नहीं मिल रही है। कर्मचारियों ने बताया कि बसें बुलंदशहर होकर दिल्ली जा रही हैं। इसलिए सभी बसें दो से तीन घंटे लेट हैं। शाम पांच बजे तक बस मिलेगी।-उमाशंकर शर्मा, यात्री
मेरठ जाने के लिए बस के इंतजार में बैठा हूं। ढाई घंटे हो गए, लेकिन अभी तक कोई बस नहीं आई। पूछे जाने पर बताया गया कि बस रास्ते में है, 20 मिनट में आ जाएगी।-अजहर आलम, यात्री
35 बसों को तिगरी मेले के लिए भेज दिया गया है, गजरौला, तिगरी में जाम लगे होने के कारण बसें लेट हो रही हैं। फिर भी कोशिश की जा रही है यात्रियों को सुविधापूर्वक भेजा जाए। -एनसी गुप्ता, एआरएम, मुरादाबाद बस अड्डा