मुरादाबाद। साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त दरोगा का एटीएम कार्ड बदलकर तेरह हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आया तो सेवानिवृत्त दरोगा को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तहरीर देकर कटघर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
कटघर थानाक्षेत्र के दुर्गेश नगर निवासी सोमपाल सिंह यूपी पुलिस में दरोगा थे। अब वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि पांच अगस्त को वह कटघर क्षेत्र में संभल रोड संजय नगर स्थित एटीएम पर पैसे निकालने गए थे। यहां मशीन में एटीएम कार्ड ने काम नहीं किया। इसी दौरान वहां तीन युवक एटीएम केबिन में पहुंच गए। उन्होंने मदद करने के बहाने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदल लिया। इसी दौरान आरोपियों ने उनका पासवर्ड भी चोरी से देख लिया। रुपये न निकलने पर वे अपने घर चले गए। कुछ देर बाद आरोपियों ने गलशहीद क्षेत्र में रोडवेज बस अड्डा के पास स्थित एटीएम से 13 हजार रुपये निकाल लिए। सोमपाल सिंह के मोबाइल पर मैसेज आया तो पता चला कि उनके खाते से तेरह हजार रुपये निकल चुके हैं। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। एटीएम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।