मुरादाबाद। रक्षाबंधन पर परिवहन निगम यात्रियों को अच्छी सुविधा देने को तैयार है। त्योहार के मौके पर मुरादाबाद परिक्षेत्र से परिवहन निगम की 697 बसें चलेंगी। इससे राजधानी दिल्ली, लखनऊ और उत्तराखंड के हरिद्वार, हल्द्वानी, रामनगर, देहरादून समेत वेस्ट यूपी के हर जिले के लिए हर घंटे बस उपलब्ध रहेगी। हालांकि पिछले दो वर्षों की तरह इस बार अभी तक महिलाओं की मुफ्त यात्रा से संबंधित आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन इस आदेश के आने की पूरी उम्मीद लगाई जा रही है।
मंडल की खटारा बसों की मेंटीनेंस के लिए निगम मुख्यालय की ओर से पंद्रह लाख रुपये मिल चुके हैं। इन रुपयों का इस्तेमाल बसों के कलपुर्जे खरीदने और खटारा बसों को रिपेयर कराने में किया जा रहा है। ज्ञात हो दो माह पहले तक कोरोना के कारण दूसरे राज्यों के लिए बसों का संचालन बंद था। राहत की बात है कि अब कोरोना के सक्रिय मामले घटने के बाद अंतर्राज्यीय परिवहन के साथ एक बस नेपाल के लिए भी चल रही है। इससे सीमा के आसपास रहने वाले यात्री भी सफर कर रहे हैं। इसके अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली की बस सेवाएं भी शुरू हो गई हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों और कस्बों में मेरठ, बागपत, बरेली, बदायूं, आगरा, मथुरा, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, मुजफ्फरनगर, संभल, रामपुर, शाहजहांपुर, एटा, मैनपुरी, शामली, बिजनौर, फर्रूखाबाद, इटावा और औरैया के लिए मुरादाबाद परिक्षेत्र से बसें उपलब्ध हैं। निगम के आंकड़ों के मुताबिक पिछले वर्ष रक्षाबंधन के मौके पर परिक्षेत्र की बसों में प्रतिदिन डेढ़ लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया था। इससे निगम को तीन दिन में पौने तीन करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। जबकि सामान्य दिनों में एक दिन में मुरादाबाद से निगम को औसतन 75 लाख रुपये की आय प्राप्त होती है। लिहाजा इस बार भी निगम के अधिकारी अच्छा ट्रैफिक मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इससे मद्देनजर दुर्घटनाग्रस्त बसों की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है।
रक्षाबंधन से सबंधित सभी तैयारियां जोरों पर हैं। फिलहाल बसों की मेंटीनेंस का काम चल रहा है। जो बसें फिट हैं उन्हें भी एक बार चेक किया जा रहा है। यात्रियों को वेस्ट यूपी के लगभग हर जिले के लिए हर घंटे बस उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। जिन जिलों के लिए हमारे परिक्षेत्र से बसें नहीं चलती हैं, उनके लिए अन्य परिक्षेत्रों की बसें भी फेरे लगाएंगी। यात्रियों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम नंबर भी जारी किया जा सकता है।
- अतुल जैन, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम