मुरादाबाद। रोडवेज बसों की खटारा हालत किसी से छिपी नहीं है। ऐसे में इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों की शिकायतें दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इन शिकायतों से बचने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने खूब तरीका निकाला। समस्याओं के समाधान पर जोर देने की बजाय ज्यादातर बसों से अधिकारियों के नंबर ही गायब कर दिए गए हैं। कुछ बसों से अधिकारियों के नंबर वाली सूची पट्टिका हटा दी गई है तो कुछ बसों में नंबरों के ऊपर टेप लगा दिया गया है।
बृहस्पतिवार को मुरादाबाद डिपो पर 12 बसों में पड़ताल की गई। इनमें से केवल दो बसों में ही अधिकारियों के नंबर लिखे मिले। किसी भी बस में शिकायत पुस्तिका नहीं मिली। परिवहन निगम के नियमानुसार प्रत्येक बस के अंदर संबंधित डिपो के एआरएम, क्षेत्र के आरएम, कार्यशाला के सीनियर फोरमैन और परिवहन निगम मुख्यालय का हेल्पलाइन नंबर लिखा होना चाहिए। पीतलनगरी डिपो की बस (यूपी21एएन3092) में आरएम, एआरएम के नंबर टेप से ढके हुए मिले। पीतलनगरी डिपो का जो पीएनटी नंबर लिखा हुआ था वह एक वर्ष पूर्व बंद हो चुका है। इसी प्रकार मुरादाबाद परिक्षेत्र की कई बसों में यह दृश्य देखा जा सकता है। इसके अलावा कई बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र भी लगे हुए नहीं हैं। आपात स्थिति में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इन बसों में नहीं लिखे मिले अधिकारियों के नंबर
यूपी21एएन3475 मुरादाबाद डिपो
यूपी21एएन3328 पीतलनगरी डिपो
यूपी21एएन2778 बिजनौर डिपो
यूपी21एएन2897 पीतलनगरी डिपो
यूपरी21एएन3092 पीतलनगरी डिपो
यूपी21एएन6357 मुरादाबाद डिपो
यूपी20टी1548 मुरादाबाद डिपो
यूपी53बीटी4394 बिजनौर डिपो
यूपी21एएन3097 पीतलनगरी डिपो
यूपी21एएन3094 पीतलनगरी डिपो
बसों में लिखे अधिकारियों के नंबरों को हटाने के लिए नहीं कहा गया है। यदि किसी डिपो के एआरएम द्वारा यह कराया गया है तो इस पर जवाब लिया जाएगा। परिक्षेत्र की जिन बसों में अधिकारियों के नंबर नहीं लिखे हैं स्टाफ को निर्देशित कर उनमें नंबर लिखवा दिए जाएंगे।
- दीपक चौधरी, आरएम मुरादाबाद