मुरादाबाद। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सोमवार को एहतियाती खुराक की शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन 948 लोगों को एहतियाती खुराक दी गई। इसमें बुजुर्ग सबसे आगे रहे, जबकि हेल्थ वर्कर दूसरे नंबर पर रहे। फ्रंटलाइन वर्करों की भागीदारी सबसे कम रही।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए सरकार ने स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्करों, साठ वर्ष पार वाले बीमार बुजुर्गों और चुनाव ड्यूटी में शामिल होने वालों को एहतियाती खुराक देने का निर्णय लिया है। सोमवार को इस अभियान की शुरुआत हुई। जिले के केंद्रों पर 948 लोग एहतियाती खुराक लेने पहुंचे। इसमें साठ वर्ष बार बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। 614 बुजुर्गों ने एहतियाती खुराक ली। सीएमओ समेत 250 स्वास्थ्य कर्मियों ने भी एहतियाती खुराक ली। इसके अलावा 84 फ्रंटलाइन वर्करों को भी खुराक दी गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि जिले में 20550 लोगों को एहतियाती खुराक देने का लक्ष्य है। पहले दिन 948 लोगों एहतियाती खुराक दी गई है।
किशोरों का आंकड़ा दस हजार के पार
मुरादाबाद। किशोरों के टीकाकरण में तेजी आई है। सोमवार को किशोरों के टीकाकरण का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंच गया। जिले में 10694 किशोरों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया है। इसमें सबसे अधिक शहर के केंद्रों पर 2871 किशोरों को टीका लगाया गया, जबकि मूंढापांडे में सबसे कम 569 किशोरों ने टीकाकरण कराया। जिले में अब तक 36972 किशोरों का टीकाकरण किया जा चुका है।