मुरादाबाद। उधार के सत्रह लाख रुपये की वसूली के लिए 30 सितंबर की दोपहर अपहृत किए गए थाना कटघर क्षेत्र के मोहल्ला रहमत नगर करूला निवासी स्क्रैप व्यापारी मोहम्मद इरशाद को पुलिस ने गाजियाबाद के एक घर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो साथी अभी फरार हैं।
एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि मोहम्मद इरशाद स्क्रैप व्यापारी है। 30 सितंबर को वह रोज की तरह अपने कार्य से बाजार गया था, लेकिन उसके बाद घर नहीं पहुंचा। परिवार वालों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बताया कि इसी बीच स्क्रैप व्यापारी की पत्नी के मोबाइल पर शनिवार शाम को व्हाट्सएप कॉल आई। जिसमें फोन करने वालों ने व्यापारी की पत्नी सईदा को बताया कि उसके पति इरशाद का अपहरण हो गया है।
उसे छोड़ने के एवज में अपहरणकर्ताओं ने 17 लाख रुपये की फिरौती की मांग भी की। सईदा ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर पुलिस ने स्क्रैप व्यापारी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
एसपी सिटी ने बताया कि क्राइम ब्रांच व कटघर थाना पुलिस व सर्विलांस टीम की मदद से अपहृत व्यापारी मोहम्मद इरशाद को जनपद गाजियाबाद के कस्बा मुरादनगर क्षेत्र के मोहल्ला मलिक नगर से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने वहां मौजूद एक आरोपी गाजियाबाद के थाना मुरादनगर के मोहल्ला मलिक नगर गली नंबर-11 निवासी शकील उर्फ चिकना को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।
एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह ई-कचरा स्क्रैप व्यापारी है। अपहृत इरशाद का छोटा भाई मो. शान भी स्क्रैप का व्यापारी है। दोनों भाई संयुक्त रूप से कार्य करते हैं। आरोपी शकील ने बताया कि उसने इरशाद के छोटे भाई मोहम्मद शान को करीब 22 लाख रुपये का माल उधार दिया था। स्क्रैप कारोबारी उसके रुपये नहीं दे रहा था। काफी दबाव बनाने पर उसने पांच लाख रुपये तो दे दिए, लेकिन बकाया 17 लाख रुपये देने में वह आनाकानी कर रहा था। शकील ने बताया कि दबाव बनाने पर मोहम्मद शान डासना स्थित अपनी ई-कचरे की फैक्टरी बंद कर फरार हो गया था।
शकील की इस हरकत से नाराज होकर शकील उर्फ चिकना ने अपने साथियों नई दिल्ली के थाना कृष्णानगर के चिलमपुर गली नंबर तीन निवासी रिजवान व इमरान के साथ मिलकर 30 सितंबर की दोपहर को मो. इरशाद का अपहरण कर अपने घर गाजियाबाद ले गया था। अपहरणकर्ताओं ने स्क्रैप व्यापारी को वहां जंजीर से बांधकर रखा था। एसपी सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शकील के कब्जे से पुलिस ने लोहे की जंजीर मय ताला चाबी व एक प्लास्टिक का डंडा बरामद भी बरामद किया है।