संभल। फुफेरे भाई की कुछ लोगों से कहासुनी के दौरान दोनों को समझाकर बीचबचाव कराने वाले युवक पर कुछ देर बाद दूसरे पक्ष ने हमला बोल दिया। युवक को अकेला देखकर घेर लिया और बुरी तरह पिटाई की। युवक के अचेत होने पर हमलावर भाग गए। परिजन चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी सलमान ने बताया कि सराय आदमपुर रोड स्थित इमामबाड़ा के नजदीक रहने वाला उनका फुफेरा भाई आबिद चौधरी बुधवार को उनके घर आया था। वह उनके छोटे भाई सरवर के साथ नेजा मेला देखने जाने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच घर से बाहर निकले आबिद की मोहल्ले के कुछ लोगों से किसी बात पर कहासुनी शुरू हो गई। इस जानकारी पर सरवर ने दोनों को समझाकर बीचबचाव करवा दिया।
आरोप है कि इसके कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने सरवर को अकेला देखकर घेर लिया और लात-घूसों से जमकर पीटा। उसके अचेत होने पर हमलावर भाग गए। सलमान ने बताया कि इसकी जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और भाई सरवर को उठाकर निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस जानकारी से परिवार के लोग आक्रोश में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। सीओ जितेंद्र सिंह ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
नहीं थम रहे पत्नी के आंसू
मेले जाने की तैयारी कर रहे सरवर की मौत की खबर सुनकर पत्नी हिना सदमे में आ गई। चारों बच्चों को गोद में लिए वह सिर्फ आंसू बहाती रही। परिवार के अन्य सदस्यों का भी बुरा हाल था। रिश्तेदारों ने बताया कि सरवर मेहनत मजदूरी कर अपना घर चलाता था। उसकी मौत से परिवार पर संकट खड़ा हो गया है।
चौधरी सराय में किसी बात पर दो पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद हुआ था। इसमें एक युवक की मौत हो गई है। मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
जितेंद्र सिंह, सीओ, संभल