मुरादाबाद। अब बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत होने वाले लाभार्थियों के आधार कार्ड खुद बनाएगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। आधार कार्ड बनाने का पूरा सैटअप विभाग को मिल गया है। जल्द ही विभाग की सीडीपीओ को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर सीडीपीओ की देखरेख में ये काम होगा।
दरअसल सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के पोषाहार वितरण के लिए आधार अनिवार्य कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि अब पोषण ट्रेकर पर आधार कार्ड के आधार पर ही लाभार्थी का पोषाहार देने की व्यवस्था कर दी गई है। दरअसल ग्रामीण क्षेत्र में आधार कार्ड बनवाने की पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं होतीं, इसलिए लोग अपना और बच्चों का आधार कार्ड नहीं बनवा पाते हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुपमा पांडेय के अनुसार, ब्लॉक स्तर पर आधार कार्ड बनाने की सुविधा होगी। जिले के आठ ब्लॉक में सीडीपीओ या प्रभारी सीडीपीओ हैं। उनके द्वारा ही ये आधार कार्ड बनवाए जाएंगे। इसके लिए विभागीय स्तर से डेस्कटॉप, बायोमेट्रिक मशीन आदि पूरा सैटअप शासन स्तर से उपलब्ध करा दिया गया है।
कुछ ही दिन बाद इन्हें विभागीय स्तर पर आधार कार्ड बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रशिक्षित सीडीपीओ, प्रभारी सीडीपीओ को तकनीकी विशेषज्ञ द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें सरकारी तौर पर आईडी पासवर्ड दिया जाएगा। इसके बाद से वे आधार कार्ड बनाना शुरू कर देंगे। उम्मीद है कि दो से तीन महीने में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
इस तरह बनेंगे आधार कार्ड
आंगनबाड़ी केंद्र में जो भी बच्चा, गर्भवती महिला पंजीकृत होंगे या पंजीकरण के लिए आएंगे तो आधार न होने की स्थिति में उनका का आधार कार्ड उसी क्षेत्र की सीडीपीओ बनाएंगी। इसके लिए उन्हें संबंधित ब्लॉक कार्यालय या बताए गए केंद्र पर जाना होगा, जहां उनका आधार कार्ड बनेगा और केंद्र पर पंजीकरण कर लिया जाएगा। किस आयु वर्ग के आधार के लिए कौन से दस्तावेज की जरूरत होगी, इसकी गाइडलाइन बाद में आएगी।
----
जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चे गर्भवती महिलाएं
आंगनबाड़ी केंद्र 2770
6 माह से 3 साल तक के बच्चे 1,36,656
3 साल से 6 साल तक के बच्चे 64,365
गर्भवती महिला एवं धात्री 58,620