फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुरादाबाद समाचार : ओवैसी ने कहा- हक पाने के लिए अपना नेता चुनें मुसलमान

Wed, 05 Jan 2022 04:03 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, कुंदरकी (मुरादाबाद)

सार

एआईएमआईएम के शोषित वंचित समाज सम्मेलन में पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष ओवैसी।
विज्ञापन
असदुद्दीन ओवैसी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तिहादुल मुस्लिमीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि हक पाने के लिए मुसलमानों को अपना नेता चुनना होगा, वरना उनको किसी भी क्षेत्र में भागीदारी नहीं मिल पाएगी। आज देश के जो हालात हैं उसके लिए भाजपा, कांग्रेस और सपा नेता जिम्मेदार हैं।

विज्ञापन


ओवैसी ने मंगलवार को कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डींगरपुर में के आयोजित एआईएमआईएम के शोषित वंचित समाज सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भारत का संविधान बन रहा था तब हमारे अधिकारों को संविधान में रखा गया। डॉ. आंबेडकर ने कहा था कि मैंने तुम्हें वोट डालने का हक तो दे दिया, अब तुम अपनी कौम को मजबूत बनाओ।

औवेसी ने कहा कि उत्तराखंड में मुसलमानों को मिटाने की बात की जाती है लेकिन अफसोस अब तक किसी की भी गिरफ्तार नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एक्सरसाइज तो बहुत करते हैं लेकिन यह क्यों नहीं बताते कि जो मुसलमानों को मिटाने की बात करते हैं, जो पूरे देश में जहर फैलाने का काम कर रहे हैं, वे कौन से अखाड़े के लोग हैं।
विज्ञापन


ओवैसी ने कहा कि ओवैसी अगर मुसलमानों से अपना नेता चुनने को कहते हैं तो सबके पेट में दर्द हो जाता है लेकिन अगर मुसलमानों ने अपना नेता नहीं चुना तो हमारी कोई पहचान नहीं रहेगी। अगर अपना नेता चुनना है तो मजलिस को वोट देना है। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों को आप जिताकर भेजते हैं उनको मुसलमानों की फ्रिक नहीं रहती बल्कि उनको अखिलेश और बहनजी की नाराजगी से मतलब रहता है।

 इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार रोकने में सरकार पूरी तरह से विफल हो चुकी है। विकास के नाम का केवल ढिंढोरा पीटा जा रहा है, जबकि हकीकत कुछ और है।

सम्मेलन में हैदराबाद के पूर्व मेयर माजिद अंसारी, महाराष्ट्र के पूर्व विधायक वारिस पाठन, पूर्व ब्लाक प्रमुख के पति हाफिज मोहम्मद वारिस, प्रदेश महासचिव यूथ एहतेशाम मंसूरी, प्रदेश सचिव इमरान बॉबी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जकी रईनी वकी रशीद, डॉ. छुट्टन खां, बीएस बिंद्रा, कंचन सिंह, साजिद सैफी, मोहम्मद आजम मंसूरी, मोहम्मद मशरूर, इसरार अहमद आदि मौजूद रहे।
 

जिले में ओमिक्रॉन के चार केस मिले, सेहत महकमे में खलबली

संक्रमण के तेजी से बढ़ने मामलों के बीच ओमिक्रॉन के चार केस मिलने से सेहत महकमे में खलबली मच गई है। लखनऊ से छह दिन आई रिपोर्ट मे चार संक्रमितों में कोरोना का नया वैरिएंट मिला है। अभी पचास से अधिक सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है।

23 दिसंबर को सिविल लाइंस निवासी युवक और महिला डॉक्टर कोरोना संक्रमित पाए गए थे। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन का पता लगाने के लिए 24 दिसंबर को युवक का सैंपल एनसीडीसी दिल्ली और महिला डॉक्टर का सैंपल दिल्ली के निजी लैब में भेजा गया था। स्वास्थ्य विभाग रिपोर्ट के इंतजार में बैठा रहा, लेकिन पांच दिन 29 दिसंबर को एनसीडीसी (नेशनल सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल) दिल्ली ने जीनोम सीक्वेंसिंग की जांच का सैंपल लौटा दिया है।

इसके पीछे सैंपलों की संख्या अधिक होना बताया गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेज दिया। साथ ही सभी निजी पैथोलॉजी लैब को पॉजिटिव आने वाले मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग की जांच के लिए सैंपल लखनऊ भेजने के निर्देश दिए। मंगलवार देर रात लखनऊ से जारी सूची के मुताबिक मुरादाबाद के चार संक्रमित मरीजों में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। जिसे लेकर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है।

संक्रमित मिलने वाले मरीजों में नए वैरिएंट का पता लगाने के लिए सैंपल लखनऊ भेजा जा रहा है। विभागीय स्तर पर अभी ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हुई है। देर शाम तक कोई रिपोर्ट नहीं आई थी। देर रात की रिपोर्ट की जानकारी बुधवार हो पाएगी।
- डॉ. एमसी गर्ग, सीएमओ
 

31 युवक और 29 युवतियों समेत 87 लोग कोरोना संक्रमित

जिले में रफ्तार पकड़ती कोरोना संक्रमण ने युवाओं पर वार किया है। जिले में 31 युवक और 29 युवतियों समेत 87 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। सर्वाधिक 41 पॉजिटिव केस एक निजी शैक्षणिक संस्थान में मिले हैं। संक्रमितों में एक ही परिवार के तीन सदस्य, सीएमओ आफिस का बाबू और जेल का बंदी शामिल है।

संक्रमण ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। सुस्त पड़े संक्रमण ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। जिले में पिछले आठ दिनों से लगातार पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। मंगलवार को जिले में 87 लोग संक्रमित पाए गए। इसमें सबसे अधिक 41 पॉजिटिव केस एक निजी शैक्षणिक संस्थान में मिले हैं। 87 संक्रमितों में 31 युवक और 29 युवतियां शामिल हैं। संक्रमितों में आशियाना कॉलोनी की मां-पिता और बेटी शामिल हैं। ये परिवार पांच दिन पहले नोएडा से लौटा है।

वहीं सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबू की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जेल का 29 वर्षीय बंदी भी संक्रमित पाया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात महिला कांस्टेबिल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके साथ जिले में इस लहर में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 191 हो गई है। लगातार बढ़ रहे मरीजों की संख्या से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है।

दफ्तर में घूमता रहा संक्रमित
सीएमओ कार्यालय में तैनात बाबू मंगलवार को संक्रमित पाया गया। एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद भी बाबू कार्यालय में घूमता रहा, जबकि कार्यालय में लोगों का आना जाना लगा रहा।
विज्ञापन

कांठ बवाल प्रकरण में सुनवाई 11 को

कांठ बवाल प्रकरण में मंगलवार को अदालत ने फैसला सुनाने के लिए आगामी तिथि 11 जनवरी निर्धारित की है। कांठ थानाक्षेत्र के गांव अकबरपुर चैदरी  के मंदिर पर लाउडस्पीकर को लेकर जून 2014 में  विवाद हुआ था।

 उस वक्त गांव में स्थित मंदिर में लाउडस्पीकर लगाने को लेकर भाजपा के कई नेताओं के ऊपर आरोप लगा था कि उन्होंने जनता को उकसाकर धार्मिक उन्माद फैलाने का प्रयास किया। उस दौरान कई पुलिसकर्मियों समेत तत्कालीन जिलाधिकारी भी घायल हो गए थे। रेल विभाग का काफी नुकसान हुआ था।

इस मामले में थाना पुलिस ने सैकड़ों आरोपी बनाए थे। तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। इन मुकदमों की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट पुनीत गुप्ता की अदालत में चल रही है। इसमें विगत 22 दिसंबर को दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी थी।

विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि मंगलवार को कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह व नगर विधायक रितेश गुप्ता अदालत में हाजिर हुए लेकिन कोर्ट ने फैसला नहीं सुनाया। कोर्ट ने फैसला सुनाने के लिए आगामी तिथि 11 जनवरी निर्धारित की है
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें