संयोजक आए नहीं, जिम्मेदार भी छोड़कर चले गए
संकुल प्रतियोगिता में बालक वर्ग के मैचों के आयोजन की जिम्मेदारी जीआईसी मूंढापांडे के प्रधानाचार्य बलवीर सिंह की थी, लेकिन वह प्रतियोगिता में नहीं आए। उनके स्थान पर गणित विषय के प्रवक्ता अभिषेक यादव व एक अन्य शिक्षक विद्यार्थियों को लेकर आए थे। शिक्षकों का आरोप है कि प्रवक्ता अभिषेक यादव ने बच्चों को भड़काया और अपने स्कूल के आधे बच्चों को वापस लेकर चले गए थे।
मैच में एक-दो अंक को लेकर बच्चे उग्र हो गए थे। बाहर के बच्चों ने झगड़ा किया है। हमारे विद्यालय के बच्चों ने किसी को नहीं बुलाया था। हमारे यहां के शिक्षकों की भी भूमिका नहीं है। मामले में समझौते का प्रयास किया जा रहा है। - बलवीर सिंह, प्रधानाचार्य, जीआईसी मूंढापांडे
प्रतियोगता के आयोजन के लिए मिनी स्टेडियम में समुचित व्यवस्थाएं नहीं थीं। सबसे बड़ा सवाल है कि जब प्रतियोगिता हो रही थी तो वहां पर पुलिस क्यों नहीं थी। जीआईसी के प्रवक्ता अभिषेक यादव की लापरवाही से यह घटना हुई है। हमारे शिक्षक हर्ष त्यागी घायल हुए हैं। पुलिस को घटना की तहरीर दे दी गई है। - सुहासिनी सिंह, प्रधानाचार्य, आयुष इंटर कॉलेज
घटना की जानकारी मिली है। यह बेहद दुखद है। मामले की जांच करवाई जाएगी और राजकीय इंटर कॉलेज मूंढापांडे के शिक्षक की भूमिका मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दो दिन में जांच आख्या मांगी गई है। - डॉ. अरुण कुमार दुबे, जिला विद्यालय निरीक्षक