मुरादाबाद। फरार चल रहे 25 हजार का इनामी शहजाद की बुधवार देर रात सक्टू नगला में पुलिस टीम से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से गोलियां चलीं। इस दौरान पैर में पुलिस की गोली लगने से शहजाद घायल हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी फरार हो गया। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि पंद्रह दिन पहले मूंढापांडे में मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश नाजिम को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त उसका साथी मौके से फरार हो गया था। पूछताछ में नाजिम ने फरार साथी का नाम शहजाद निवासी पीर का बाजार जयंतीपुर थाना मझोला बताया था। शहजाद गोकशी का आरोपी है और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। शहजाद की तलाश की जा रही थी। बुधवार देर रात काशीपुर चौकी इंचार्ज पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ गोट- सक्टू नगला रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर दो लोग आते दिखे। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक बाइक मोड़ कर
भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया। इस दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे फिसल गई। पुलिस टीम को करीब आता देख बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली से सिपाही ऋतिक बाल बाल बचा। पुलिस ने भी रक्षा में फायरिंग की। पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लग गई। बदमाश का दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपना परिचय शहजाद निवासी जयंतीपुर पीर का बाजार बताया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी शहजाद गोकशी का आरोपी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। मौके से भागे आरोपी के साथी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।