टांडा (रामपुर)। 14 फरवरी को मतदान के दिन सड़क पार करते समय एक वाहन से टक्कर लग जाने से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, परिजनों की ओर से मामले में तहरीर देने की तैयारी की जा रही है।
दस दिन पहले विधानसभा चुनाव के मौके पर मतदान के दिन नगर पालिका के करीब नगर के मोहल्ला काजीपुरा निवासी युवक रिहान पुत्र अब्दुल्लाह (20) अपनी स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। इसी बीच मुरादाबाद की ओर से आ रहे एक वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नगर के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद में उपचार के दौरान युवक की स्थिति ठीक न होने पर परिजन उसे दिल्ली के एक अस्पताल ले गए जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दोपहर करीब चार बजे युवक का शव दिल्ली से टांडा पहुंचा। उधर, परिजनों की ओर से घटना की तहरीर दिए जाने की तैयारी की जा रही है।