मुरादाबाद। सपा नेताओं पर दर्ज मुकदमे में गवाह नहीं आने के कारण अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी। अब सुनवाई के लिए सात दिसंबर तिथि तय की गई है।
मामला रामपुर के सांसद आजम खां से जुड़ा है, जिसमें वह एक समारोह में शामिल होने के लिए अपनी कार से जा रहे थे। छजलैट में वाहन चेकिंग के दौरान उनकी कार को रोक लिया गया था। वाहन के कागजात चेक किए जाने को लेकर आजम खां काफी नाराज हुए थे। आसपास के अन्य सपा नेता भी मौके पर आजम खां के समर्थन में पहुंच गए थे। इन पर आरोप लगा था कि इन नेताओं ने अपने भाषणों से जनता को भड़काया और मार्ग भी अवरुद्ध कर दिया था।
उक्त मुकदमे की सुनवाई एमपी एमएलए (स्पेशल कोर्ट) पुनीत गुप्ता की अदालत में चल रही है। विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई ने बताया कि मुकदमे में बुधवार को गवाह तलब किया गया था। गवाह नहीं आने की वजह से मुकदमे में सुनवाई नही हो सकी। अदालत में 7 दिसंबर को सुनवाई होगी।