मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल शुक्रवार को निरीक्षण के लिए मुरादाबाद आ रहे हैं। जनवरी से जुलाई तक मंडल में जीएम का यह चौथा जबकि मुरादाबाद में तीसरा दौरा है। इसके बावजूद रेलयात्रियों और आमजन से जुड़े सवाल और समस्याएं आज भी वही हैं। न तो गोविंदनगर ओवरब्रिज पूरा हुआ और न ही सोनकपुर ओवरब्रिज। यहां तक कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर फुट ओवरब्रिज भी दुरुस्त नहीं हो सका है।
इससे पहले जनवरी और मार्च माह में जीएम के आगमन पर यह मुद्दे उठाए गए थे। जीएम ने स्थानीय अधिकारियों को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए थे। इसके बावजूद अभी तक इन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। दूसरी ओर मुरादाबाद से आगरा और मुंबई के लिए ट्रेन चलाने की मांग पिछले की वर्षों से उठ रही है। कई बार प्रस्ताव बनाकर भी मुख्यालय भेजा जा चुका है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला है। स्टेशन पर लगी लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियां अक्सर बंद रहती हैं। इससे बुजुर्ग यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी होती है। हालांकि समय-समय पर अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्वचालित सीढ़ियां चालू करा दी जाती हैं, लेकिन बाद में फिर बंद हो जाती हैं। इसके अलावा अन्य कई समस्याएं हैं। बहरहाल जीएम अपने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सोनकपुर ओवरब्रिज का भी मुआयना करेंगे। रेलवे द्वारा किए जा रहे काम को देखेंगे और इसके पूरा होने से संबंधित जानकारी इंजीनियरों से लेंगे। गौरतलब है कि मार्च माह में मुरादाबाद दौरे पर आए जीएम ने सितंबर तक निर्माण पूरा होने का दावा किया था। काफी समय तक काम शुरू ही नहीं किया गया। अब जनता का आक्रोश बढ़ने और जिला प्रशासन के सुध लेने के बाद रेलवे द्वारा दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। उम्मीद है कि जीएम के मौका मुआयना करने के बाद इस बार काम तय अवधि में पूरा हो जाएगा। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा का कहना है कि महाप्रबंधक के निरीक्षण से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुबह रोजा-सीतापुर रेलखंड दोहरीकरण और फिर बरेली तक रेलमार्ग का विंडो निरीक्षण करने के बाद शाम साढ़े छह बजे महाप्रबंधक मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। मंडल रेल प्रबंधक तरण प्रकाश समेत अन्य मंडलीय अधिकारी उनके साथ मौजूद रहेंगे।