रामपुर जिले में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी पीड़िता को घर से मुंह पर कपड़ा बांधकर ले गए और एक दुकान में ले जाकर हैवानियत की। पुलिस ने पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के टांडा कोतवाली इलाके के एक गांव में किशोरी को घर से ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला अलग-अलग समुदाय से जुड़ा होने कारण पुलिस अतिरिक्त सतर्कता भी बरत रही है।
विज्ञापन
इस सिलसिले में कोतवाली में दी गई तहरीर में किशोरी के पिता ने कहा है कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे, जबकि 14 वर्षीय पुत्री नीचे आंगन में सो रही थी। रात में करीब दो बजे गांव के ही पांच लोग घर में घुस आए नाबालिग पुत्री का मुंह कपडे़ से बांधकर उसे साथ ले गए।
आरोपियों में से एक की दुकान में किशोरी के साथ पांचों ने दुष्कर्म किया। वारदात के बाद किशोरी को बेहोश और घायल अवस्था में छोड़कर भाग गए। सुबह चार बजे जब वह होश में आई तो किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
विज्ञापन
इस सूचना पर सीओ धर्म सिंह मार्छल और कोतवाल प्रवेज कुमार चौहान ने मौका मुआयना किया और परिजनों से भी बातचीत की। सीओ धर्म सिंह मार्छल ने बताया कि पिता की तहरीर पर वसीम, सानिब, नजीब, शफीक, नाजिम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है। गांव के माहौल पर निगाह भी रखी जा रही है।