बारिश में भीगकर जाते लोग।अमर उजाला
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। रविवार को रिमझिम बारिश के बाद धूप खिलने लगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार को भी बादल छाने और बारिश होने के आसार हैं। हालांकि यह बारिश दस मिली मीटर तक हो सकती है।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि सोमवार को कहीं-कहीं आठ से दस मिली मीटर बारिश होगी। मंगलवार से मौसम साफ होने का अनुमान है। हालांकि मंगलवार को जारी होने वाले पूर्वानुमान से आगे की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद के आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 फीसदी कम बारिश हुई है। मानसूनी हवा काफी दूरी से आने की वजह से मुरादाबाद तक आते-आते हवा की गति कम हो जाती है। इस बार मुरादाबाद के आसपास के जनपदों में कम बारिश हुई है, लेकिन लखनऊ, दिल्ली और पहाड़ों पर अच्छी बारिश हुई है। इस बार मानसून देरी तक प्रभावी होने का अनुमान है। सामान्य तौर पर मानसून 15 सितंबर तक वापस होता है, लेकिन इस बार सितंबर के आखिरी दिनों या अक्तूबर के पहले सप्ताह तक मानसून प्रभावी रह सकता है।
रविवार को सुबह से आसमान में बादल छाए हुए थे। करीब साढ़े आठ बजे से रिमझिम बारिश शुरू हुई। दोपहर बाद धूप खिलने लगी। हालांकि तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को बारिश 7.2 मिली मीटर हुई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय वातावरण में नमी 97 फीसदी थी जो शाम को 80 फीसदी दर्ज की गई। हवा की गति दस से 15 किलोमीटर पूरब से पश्चिम दिशा में रही।