बिलारी। ग्राम रोजगार सेवक संघ की बिलारी ब्लॉक इकाई के पदाधिकारियों ने शुक्रवार दोपहर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बीडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। रोजगार सेवकों का शोषण किए जाने पर जिला मुख्यालय पर धरना देने का ऐलान किया। बीडीओ के माध्यम से सीडीओ को अपनी मांगों का ज्ञापन भेजा।
शुक्रवार सुबह ब्लॉक कार्यालय सभागार में ग्राम रोजगार सेवक संघ की बैठक में संघ के मुरादाबाद जिलाध्यक्ष आनंदपाल सिंह यादव ने कहा कि रोजगार सेवकों के खिलाफ चुनावी रंजिश के चलते तथ्यहीन शिकायतों की जांच के नाम पर रोजगार सेवकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मनरेगा से संबंधित कुछ कार्य बिना रोजगार सेवकों के हस्ताक्षरों के संपन्न कराए जा रहे हैं। रोजगार सेवकों को समय से मस्टररोल भी नहीं दिया जा रहा है। चकरोड पर मिट्टी का कार्य कराने के दौरान रोजगार सेवकों की मांगों के बाद भी पुलिस बल का सहयोग नहीं मिल पाता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि रोजगार सेवकों का शोषण और उत्पीड़न नहीं रोका गया तो जिले भर के रोजगार सेवक जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
बैठक में अमरपुरकाशी गांव के रोजगार सेवक दिनेश कुमार के खिलाफ उसके विरोधियों द्वारा की गई शिकायत का प्रकरण भी उठाया गया। संघ के पदाधिकारियों ने दिनेश कुमार को क्लीन चिट देते हुए उसके विरोधियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। बैठक के बाद सभी रोजगार सेवक अपने संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष मुकर्रब हुसैन के नेतृत्व में बीडीओ कार्यालय पर जमा हुए और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। सीडीओ को भेजे ज्ञापन में रोजगार सेवकों की सभी विभागीय समस्याएं शीघ्र पूरी किए जाने की मांग उठाई गई। प्रदर्शन करने वालों में विकास सिंह, प्रेमशंकर सिंह, रिंकू सिंह, मोहम्मद सईद अहमद, हरी सिंह, प्रेमपाल सिंह, राजपाल सिंह, नरेंद्र चौधरी, राजकुमार सिंह, वीरेंद्र सिंह, मोहनलाल, मनोज कुमार, सुमित कुमार आदि मुख्य थे।