अगवानपुर। सिविल लाइंस पुलिस ने रविवार को अगवानपुर के दो सगे भाइयों पर आधारकार्ड से छेड़छाड़ और चाकू बरामदगी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस को एक दिन पूर्व दोनों भाईयों को हिरासत में लेने के बाद परिजनों के हंगामे का भी सामना करना पड़ा था।
पुलिस के मुताबिक अगवानपुर के मोहल्ला कुरैशियान निवासी मकसुर व शहनवाज मीट कारोबारी हैं। उनकी हरथला नया गांव में मीट की लाइसेंसी दुकान है। इनके खिलाफ अवैध पशु कटान करने की सूचना थी। शुक्रवार रात पुलिसकर्मी सूचना पर जांच के लिए वहां गए थे। पुलिसकर्मी दोनों भाईयों को चौकी पर पूछताछ के लिए ले जाना चाहते थे। कारोबारी शहनवाज तो पुलिस कर्मियों के साथ बाइक पर बैठकर चला गया, लेकिन मकसुर जाने को तैयार नहीं हुआ था। इसी बीच मकसूर के परिजनों ने खासा विरोध किया। लोग पुलिस से भिड़ भी गए थे। खासे हंगामे के बाद पुलिस दोनों भाईयों को थाने ले गई थी। पुलिस ने दोनों भाईयों की निशानदेही पर चाकू बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो दोनों भाईयों के कब्जे से फर्जी आधारकार्ड भी बरामद हुआ। दोनों भाइयोें को जेल भेज दिया गया।