मुरादाबाद। वायरल के बढ़ते प्रकोप के बीच मंडल के जिलों में डेंगू और मलेरिया का दायरा बढ़ने लगा है। मुरादाबाद में डेंगू की मार है तो रामपुर में मलेरिया लोगों पर वार कर रहा है। अब तक मुरादाबाद में डेंगू के सबसे अधिक 16 और रामपुर में मलेरिया के 52 मरीज मिल चुके हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।
मंडल में मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और संभल के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना औसतन करीब 14,700 मरीज पहुंचे हैं। इनमें करीब 1600 मरीज बुखार पीड़ित मिले रहे हैं। जनवरी से 14 सितंबर तक मिले आंकड़ों के मुताबिक इन चार जिलों में डेंगू के 25 केस सामने आ चुके हैं।
वहीं 113 मरीजाें में मलेरिया की पुष्टि हो चुकी है। अब तक डेंगू का डंक मुरादाबाद वालों को अधिक लगा है। यहां डेंगू के सबसे अधिक 16 मरीज मिले हैं।
दूसरी ओर रामपुर में मलेरिया का फैलाव बढ़ता जा रहा है। चार जिलों में मिले कुल मलेरिया के मरीजों में करीब 46 फीसदी रामपुर के हैं।
यहां अब तक मलेरिया के 52 मरीज मिल चुके हैं। इन सबके बीच संभल के सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में बुखार की तपिश अधिक महसूस की जा रही है। संभल में औसतन हर दिन बुखार के छह सौ मरीज पहुंच रहे हैं।