मुरादाबाद। साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त दरोगा के खाते से बीस हजार रुपये उड़ा लिए। इसके अलावा एक युवक को झांसे में लेकर उसके खाते से भी रुपये उड़ा लिए। दोनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिए हैं।
सिविल थानाक्षेत्र के हरथला मंडी निवासी आरिफ अली पुलिस विभाग से दरोगा के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि पांच फरवरी की शाम उनके मोबाइल पर खाते से दो बार में बीस हजार निकलने का मैसेज आया। आरिफ अली ने न तो किसी को ओटीपी बताया था और न ही किसी ने कॉल की थी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र दिया है। दूसरा मामला कुंदरकी थानाक्षेत्र का है। कुंदरकी निवासी मोहम्मद अब्बास अलीगढ़ में काम करता है। उसने बताया कि शनिवार को वह पेटीएम एप के माध्यम से अपनी बहन के मोबाइल का रिचार्ज कर रहा था। इसका पेमेंट अटक गया, और रिचार्ज सफल नहीं हुआ। जिसके बाद युवक ने हेल्पलाइन में शिकायत की। यहां से मैसेज द्वारा लिंक भेजा गई। लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से दस बार में 48 हजार निकल गए। एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।