मुरादाबाद। डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित अंडर-19 मंडलीय क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत शुक्रवार को दो मुकाबले आईएफटीएम विश्वविद्यालय के मैदान पर खेले गए। पहला मैच टॉस क्रिकेट क्लब और डीपीजीएस क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें डीपीजीएस क्रिकेट क्लब ने छह विकेट से शानदार जीत हासिल की। वहीं दूसरा मैच यूथ क्रिकेट क्लब और सोनकपुर क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें सोनकपुर क्लब ने 123 रन से यूथ क्लब को करारी शिकस्त दी।
पहले मैच में टॉस क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर के मैच में 38.1 ओवरों में 130 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए जुनैद पाशा ने 36 और फरीद ने 25 रन बनाए। डीपीजीएस के लिए गेंदबाजी में आकीब ने चार, मेहराज ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीपीजीएस की टीम ने 22.1 ओवर में चार विकेट खोकर बड़ी जीत हासिल की। टीम के लिए आकिब अंसारी ने 86 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दूसरे मैच में सोनकपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 40 ओवर में आठ विकेट खोकर 234 रन बनाए। इसमें गोविंद वोहरा ने सर्वाधिक 72 और अभय ने 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। यूथ टीम के लिए तुषार और उजैर ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में यूथ टीम बल्लेबाजी में 32.2 ओवर में 112 रन ही बना सकी। टीम के लिए दिव्यांश धवन ने सर्वाधिक 24 रन बनाए। इस तरह ये मैच 123 रन के बड़े अंतर से सोनकपुर टीम के खाते में गया। सोनकपुर के लिए गोविंद वोहरा ने तीन, यश चौधरी और ने दो-दो विकेट लिए। अंपायर की भूमिका पहले मैच में निश्चल चाहल और जेपी सिंह न अदा की। दूसरे मैच में सतेंद्र कुमार और शमशाद अल्वी अंपायर रहे। मैच के दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं डीएसए के क्रिकेट सेक्रेटरी विजय गुप्ता, कोच बदरूद्दीन सिद्दीकी, डॉ कुशल पाल सिंह, कपिल गिल, कुलदीप दुबे, मोहम्मद हसीन आदि मौजूद रहे।