नागफनी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि ससुराल में उससे दहेज में दस लाख रुपये की मंाग की गई। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और पति ने तलाक देकर घर से निकाल दिया। इस संबंध में पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
महिला ने बताया कि उसकी शादी मुगलपुरा के लालबाग निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ ठीक ठाक चलता रहा, इसके बाद ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुर मोहम्मद हफीज, सास अलादी उससे दहेज में दस लाख रुपये की मांग करते थे।
मायके से रकम न लाकर देने पर ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि विरोध जताने पर पति भी अपने माता-पिता का पक्ष लेता था। आरोप है कि 26 नवंबर को उसे पति ने दहेज में दस लाख रुपये न मिलने पर तलाक देकर घर से निकाल दिया। इस संबंध में पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत की।
एसएचओ महिला थाना संध्या सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर उसके पति समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों के नाम शाहनुल हक, कमरूल हसन, अलादी, मोहम्मद हफीज व हफीज की बेटी मीना है। एसएचओ का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।