थाना क्षेत्र के ग्राम चक मेवला धारू में चोरों ने किसान अंशुल अरोरा के घर में कूमल कर नगदी और जेवर चोरी कर लिए। अंशुल के पिता की एक माह पहले हत्या कर दी गई थी। वारदात का खुलासा कर पुलिस ने परिवार की सुरक्षा के मद्देनजर दो सिपाही कपिल तोमर और सुशील कुमार को अंशुल के घर तैनात किया था।
वारदात के वक्त भी दोनों सिपाही ड्यूटी पर मौजूद थे, इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण अंशुल अरोरा के अनुसार एक माह पहले उनकी पिता सुशील अरोरा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर वारदात का पुलिस ने खुलासा किया था। आरोप था कि अवैध संबंध के कारण वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस ने एहतियातन दो सिपाही कपिल तोमर और सुशील कुमार को अंशुल के घर परिवार की सिक्योरिटी के तौर पर तैनात किया था। मंगलवार रात के समय सभी परिजन घर के बरामदे में सो रहे थे। दोनाें सिपाही भी घर के बरामदे में ही सो रहे थे। सुबह जब अंशुल नींद से जागे और घर के पीछे गए तो देखा कि घर में कूमल लगा हुआ है।
इसके बाद उन्होंने घर में आकर अन्य परिजनों को जगाया व कमरे में जाकर देखा। कमरे में अलमारी का लाक सरिए से तोड़कर चोर उसके अंदर से साढे़ तीन तोला सोना, चार किलो चांदी के जेवर (कीमत लाखों में) और 35 हजार नकदी चोरी ले गये हैं।
चोर कब घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया, इस संबंध में न तो परिवार के लोगों को भनक लगी न ही पुलिसकर्मियों को ही इसकी जानकारी हो सकी। चोरी की सूचना पर एसओ भगतपुर केके तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
‘ सिपाहियों के घर में मौजूदगी के दौरान चोरी की वारदात की गई है। इस संबंध में सूचना मिलते ही दोनों सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। वारदात का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।’ - मनोज तिवारी , एसएसपी