जर्मनी के फ्रैंकफुर्ट में चल रहे एम्बिएंते फेयर में भारतीय उत्पादों खासकर मुरादाबाद के पीतल उत्पादों ने धूम मच रखी है। एम्बिएंते में देश के 500 से ज्यादा निर्यातक अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं, इनमें 150 अकेेले मुरादाबाद से हैं। एम्बिएंते में भारत इस बार साझीदार देश है। इसलिए खास तौर पर यहां इंडियन पवेलियन तैयार किया गया है। इंडियन पवेलियन में ईपीसीएच के अधिकारियों ने ‘हैंड मेक इन इंडिया’ के नाम से भारतीय उत्पादों को प्रमोट किया।
ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को समझते हुए ईपीसीएच ने हमेशा टिकाऊ प्राकृतिक कच्चे माल से ही हस्तशिल्प के उत्पादन को प्रोत्साहित किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा जरूरी है ताकि भावी पीढ़ी के लिए अपने प्राकृतिक संसाधनों को बचाए रखा जा सके। फेयर में मुरादाबाद के करीब 150 निर्यातकों ने अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया है। एंम्बिएंते से मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के पूर्व सचिव सतपाल ने बताया कि फेयर का पहला दिन बेहद सुस्त था। फेयर पर यूरोप की आर्थिक मंदी का असर दिख रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन कुछ अहम बिजनेस मीटिंग हुई हैं। फेयर में खरीददारों की संख्या पहले से कम है लेकिन मुरादाबाद के स्टॉल्स पर खरीददार पूछताछ कर रहे हैं। आठ फरवरी में शुरू हुआ यह फेयर 12 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद 18 से 22 फरवरी तक दिल्ली फेयर है। ईपीसीएच ने दिल्ली फेयर को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।