अहमदाबाद सुल्तानपुर एक्सप्रेस ट्रेन के कोच में सवार यात्री शिव मूर्ति यादव लापता हो गए। ट्रेन बरेली पहुंची तो उसके भाई व पत्नी ने यात्री की तलाश शुरू की। लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। परिजनों ने इसकी जानकारी जीआरपी थाने में दी है।
अमेठी के निहालगढ़ निवासी श्याम मूर्ति यादव ने बताया कि उनका भाई शिव मूर्ति यादव (35) अहमदाबाद में नौकरी करते हैं। वह अहमदाबाद से सुल्तानपुर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। श्याम मूर्ति ने बताया कि वह कोच संख्या बी-2 में सीट संख्या 52 पर बैठा था, जबकि उसका भाई शिव मूर्ति सीट संख्या 48 पर सफर कर रहा था। शिव मूर्ति की पत्नी उमा सीट संख्या दो पर बैठी थी। दिल्ली के बाद ट्रेन मुरादाबाद में रुकी। इसके बाद बरेली में रुकी थी। भाई ने बताया कि रामपुर और बरेली के बीच उसने अपने भाई को सीट से गायब पाया। इसके बाद बरेली में उतरे और भाई की तलाश की। उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद परिजन जीआरपी मुरादाबाद पहुंचे और शिव मूर्ति के गायब होने की जानकारी दी। जिला अस्पताल में पहुंचकर भी लापता यात्री के बारे में जानकारी की। जीआरपी इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि कुछ लोग आए थे। एक यात्री के गुम होने की तहरीर देकर गए हैं।