सिविल लाइन के नवीन नगर में दो युवकों ने शनिवार दोपहर को एक पार्क में हथगोला फोड़ा तो हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनकर कालोनी के लोग अनहोनी की आशंका के कारण घरों से बाहर निकल आए। मोबाइल पर पुलिस को सूचना दी, आरोपी युवकों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी से खुलासा हुआ है कि लाल रंग की पल्सर पर दो युवक नवीन नगर स्थित पार्क पहुंचे। बाइक पार्क के बाहर खड़ी की। वह दोनों पार्क में गए और एक कोने पर जाकर उनमें से एक युवक ने हथगोला फोड़ दिया। तेज धमका हुआ तो आसपास के घरों में रहने वाले लोग सहम गए। आरोपी दोनों युवक बाइक पर बैठकर वहां से भाग गए। कालोनी के लोगाें की सूचना पर सिविल लाइन पुलिस और इंटेलीजेंस की टीम भी मौके पर जांच के लिए पहुंची। पूछताछ में लोगों ने बताया कि दोनों युवक कालोनी से बाहर के हैं। एसएचओ सिविल लाइन अजीत सिंह ने बताया कि लाल रंग की पल्सर पर नंबर अंकित नहीं था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।