मूंढापांडे। मूंढापांडे थानाक्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे कोयला लदा ट्रक आग का गोला बन गया। चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। इस दौरान हाईवे पर जाम लगा रहा।
लखीमपुर जनपद के इब्राहीमपुर निवासी चालक इमरान ने बताया कि बिहार से 29 टन कोयला ट्रक में लादकर मेरठ जा रहा था। सोमवार रात करीब 8.30 बजे मूंढापांडे थाने के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा, तब ही केबिन से दुर्गंध आई। उसने खिड़की से बाहर झांककर देखा तो ट्रक के टायरों में आग लग रही थी। उसने ट्रक रोक दिया और नीचे कूद गया। इसके बाद 100 डॉयल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के जरिये दमकल विभाग को सूचना दी गई। ट्रक में आग लगता देख आस अन्य वाहनों के चालकों ने भी अपने वाहन रोक दिए। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रक और उसमें लदा कोयला काफी हद तक जल चुका था।
उधर हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई थी। ट्रक में आग बुझाने बाद पुलिस यातायात चालू कराया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर भिजवा दी गई थी।