अमरोहा में विद्यार्थियों से भरी आईएफटीएम यूनिवर्सिटी की बस पर बाइक सवार हमलावरों ने पथराव कर दिया। बस में घुसकर छात्रों के साथ मारपीट की। बचाव में छात्रों ने एक हमलावर युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। इस दौरान अन्य हमलावर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रों की पिटाई से घायल हमलावर युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद आधे घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
यह घटना सोमवार की शाम देहात थानाक्षेत्र में अमरोहा-जोया मार्ग स्थित अमरोहा ग्रीन कालोनी के सामने हुई। मुरादाबाद के पाकबडा थानाक्षेत्र के लोदीपुर स्थित आइएफटीएम यूनिवर्सिटी की बस का चालक मंगेश कुमार शाम साढ़े छह बजे के करीब 45 छात्र-छात्राओं को लेकर अमरोहा लौट रहे थे।
इस बस में अमरोहा और बिजनौर के अलावा कई शहरों के बच्चे सवार थे। जैसे ही बस ग्रीन कालोनी के सामने पहुंची तो यहां पहले से आठ-दस बाइक पर सवार 15-20 युवकों ने बस को रोकने की कोशिश की। चालक के बस नहीं रोकने पर हमलावर युवकों ने बस पर पथराव कर दिया। लगातार पथराव होने से आहत चालक ने बस को बंबूगढ़ चौराहे के पास रोक लिया।