उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। फंदा लगाने से पहले परिजनों को जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा तो युवक पेड़ से लटक रहा था।
आनन फानन में परिजन युवक को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक का अंतिम संस्कार पुलिस को बिना बताए ही कर दिया गया।
रविवार की सुबह 7 बजे करीब हयात नगर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने खेत पर लगे नीम के पेड़ से लटक कर जान दे दी। लोगों ने बताया कि युवक का किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर युवक खेत पर चला गया।
पेड़ से लटकने से पहले युवक ने परिजनों को सूचना दी। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह शोर मचाते हुए खेत की ओर भागने लगे। जब तक खेत पर पहुंचे युवक पेड़ से लटक गया था।