कोरोना संक्रमण से बचने के लिए लोगों में टीका लगवाने का उत्साह है। शनिवार को निर्धारित से 50.34 फीसदी से अधिक लक्ष्य को हासिल कर लिया गया। टीका लगवाने के लिए महिलाएं भी खासी उत्साहित हैं। शनिवार तक प्राप्त हुए कुल लक्ष्य में 47 फीसदी महिलाओं और 53 फीसदी पुरुषों ने वैक्सीन की डोज ली है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का कहना है कि नियमित टीकाकरण के अलावा क्लस्टर अप्रोच अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को 7329 व्यक्तियों ने टीका लगवाया है।
मुरादाबाद में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। दस मई से 18 आयु वर्ष से अधिक के लोगों को टीका लगाया जा रहा है। मुरादाबाद जनपद में कुल 2412523 व्यक्तियों को वैक्सीन की डोज दी जानी है। इनमें 1268414 पुरुष हैं और 1144109 महिलाएं हैं। शनिवार तक कुल 1214480 व्यक्तियों को टीका लगाया जा चुका है। इसमें से 675303 पुरुष और 539177 महिलाओं ने वैक्सीन की डोज ली है।
ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण पर विशेष जोर
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपक वर्मा ने बताया कि शनिवार को 77 केंद्रों पर संचालित किए गए क्लस्टर अप्रोच प्लान में 18 से 44 और 45 से 60 आयु वर्ष के 7329 व्यक्तियों ने वैक्सीन की डोज ली है। जिला अस्पताल में 480, केंद्रीय पुलिस अस्पताल में 231, टाउन हॉल पर 235, बिलारी में 246 व्यक्तियों ने वैक्सीन की डोज ली है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर अप्रोच के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वहां पर तुरंत पंजीकरण कर टीका लगाते हैं।