मुरादाबाद। सॉल्वर गैंग ने नकलविहीन परीक्षा की पोल खोल दी। सॉल्वर गैंग ने हाईस्कूल और इंटर में पास होने के लिए हर श्रेणी का अलग रेट तय कर रखा था। प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कराने के लिए 25 से 40 हजार रुपये का ठेका तय किया गया था, जबकि एक-एक विषयों की परीक्षा उत्तीर्ण कराने के लिए पांच से आठ हजार रुपये तय किए गए थे।
ठाकुरद्वारा क्षेत्र उत्तराखंड सीमा से सटा है। उत्तराखंड के कई विद्यार्थी अच्छे अंकों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण करने की उम्मीद में ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कॉलेजों में दाखिला लेते हैं। सूत्रों का दावा है कि दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों से सॉल्वर गैंग संपर्क कर लेता है। इसके बाद उन्हें प्रथम श्रेणी, द्वितीय श्रेणी समेत एक एक विषयों के अलग अलग रेट होते हैं। प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण कराने के लिए 25 से 40 हजार रुपये का ठेका तय किया गया था, जबकि एक एक विषयों की परीक्षा उत्तीर्ण कराने के लिए पांच से आठ हजार रुपये तय किए गए थे।
नाबालिग लिख रहे थे उत्तर पुस्तिका
मुरादाबाद। कुंआखेड़ा स्थित डिग्री कॉलेज के कक्ष में पकड़े गए सॉल्वरों में चार महिलाएं और कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि कक्ष से 22 आरोपी पकड़े गए थे। चार आरोपी कॉलेज से पकड़े गए थे। सभी से पूछताछ की गई। उत्तर पुस्तिका लिखने वालों में नौवीं कक्षा के साथ हैं। उन्हें उत्तर पुस्तिका लिखने के लिए रुपये दिए जाने थे।
आरोपियों पर होगी एनएसए में कार्रवाई
मुरादाबाद। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि अब तक 26 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रासुका में भी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन के जरिये शासन को भेजी जाएगी।