मुरादाबाद। संक्रमण काल में कोरोना का नया वैरिएंट मिलने से स्वास्थ्य महकमे में फिर से हड़कंप मच गया है। आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिसिस सर्विलांस प्रोजेक्ट) यूपी ने करीब तीन से चार दिनों में विदेश यात्रा से लौटे यात्रियों की सूची जारी की है। सूची में मुरादाबाद के 28 यात्री शामिल हैं। शनिवार को आठ यात्रियों को ट्रेस कर उनका सैंपल लिया गया। बाकी यात्री अभी तक ‘लापता’ हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम यात्रियों से संपर्क करने में जुटी है।
कोरोना संक्रमण की सुस्त पड़ी रफ्तार के बीच दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य देशों में वायरस के नए वैरिएंट बी.1.1.529 ने दस्तक दी है। जानकार नए वैरिएंट को पहले से ज्यादा घातक मान रहे हैं। इसके मद्देनजर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं, आईडीएसपी (यूपी) ने शनिवार को केंद्र से मिली विदेश से लौटे यात्रियों की सूची जारी कर दी है। जिले पर आई दो सूचियों में मुरादाबाद के 28 यात्री शामिल हैं। जो तीन से चार दिनों में विदेश यात्रा करके लौटे हैं।
इसमें अधिकांश यात्री यूके और खाड़ी देशों से आए हैं। सूची मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन यात्रियों की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। विदेश यात्रा से लौटे आठ यात्रियों का शनिवार को सैंपल भी ले लिया गया। बाकी बीस यात्रियों से संपर्क नहीं हो सका है। ट्रेसिंग में टीम को कुछ का पता गलत मिला है, तो कुछ के मोबाइल नंबर बंद पाए गए। वहीं, कुछ यात्री मुरादाबाद आकर दूसरे शहरों में चले गए हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम इन यात्रियों पर नजर बनाए हुए है।
लखनऊ से विदेश यात्रा से लौटे यात्रियों की सूची आई है। जिले के 28 यात्रियों में से आठ का सैंपल लिया गया। बाकी को ट्रेस किया जा रहा है। - डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, जिला सर्विलांस अधिकारी
सोमवार तक गाइडलाइन आने की उम्मीद
मुरादाबाद। कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर अलर्ट तो जारी कर दिया गया है। अभी इसको लेकर कोई गाइडलाइन नहीं जारी की गई। सोमवार तक इस संबंध में नई गाइडलाइन जारी होने की उम्मीद है।