मुरादाबाद। विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में हलचल शुरू हो गई है। दलों में संगठन विस्तार के बीच विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए आवेदन आने लगे हैं। सपा में नगर और कांठ विधानसभा के लिए अभी तक 28 आवेदन आ चुके हैं। इसमें नगर विधानसभा के लिए 17 और कांठ विधानसभा के लिए 11 लोगों ने आवेदन किए हैं।
सपा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी हारी हुईं सीटों पर टिकट के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। वर्ष 2017 के चुनाव में सपा ने छह में से चार पर जीत दर्ज की थी। नगर और कांठ विधानसभा में पार्टी को हार देखनी पड़ी थी। इन दोनों सीटों पर टिकट के लिए जिले स्तर से 28 आवेदन आ चुके हैं। आवेदन करने वालों में पूर्व विधायक, पार्टी के पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इसके अलावा कुछ लोगों ने प्रदेश कार्यालय में भी आवेदन कर रखा है। नगर विधानसभा से टिकट के लिए आवेदन करने वालों की संख्या 17 है, जबकि कांठ विधानसभा सीट से 11 लोगों ने दावेदारी पेश की है।
- अभी सिर्फ दो विधानसभाओं के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। जिले स्तर पर नगर और कांठ विधानसभा से टिकट के लिए 28 आवेदन मिल चुके हैं। बूथ लेवल पर पार्टी मजबूती पर जोर दिया जा रहा है। - डीपी यादव, जिलाध्यक्ष, सपा